मेले में झूले से गिरकर 14 साल के बच्चे की मौत, मोर्चरी के बाहर लोगों ने किया हंगामा

पिथौरागढ़ के देव सिंह मैदान में चल रही विकास प्रदर्शनी में झूले से गिरकर किशोर (14) की मौत हो गई। वह विवेकानंद इंटर कॉलेज में नवीं कक्षा में पढ़ता था। उसकी नानी चंद्रकला पूर्व सभासद हैं। किशोर की मौत से गुस्साए लोगों ने मेला संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया। रविवार के बाद सोमवार की सुबह किशोर का पोस्टमार्टम किया गया। जहां मोर्चरी के बाहर लोगों ने हंगामा किया। लोग मुआवजे की मांग लेकर मोर्चरी के बाहर बैठ गए। धरने पर बैठी एक महिला बेहोश हो गई। जिसे अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि विण निवासी जितेंद्र बिष्ट पुत्र गिरीश बिष्ट रविवार देर शाम देव सिंह मैदान में चल रही नव वर्ष विकास मेला एवं प्रदर्शनी में झूले से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी। विण में परचून की दुकान चलाने वाले गिरीश बिष्ट बेटे के घायल होने की सूचना पर अस्पताल पहुंचे। लेकिन उनके पहुंचने तक जितेंद्र दम तोड़ चुका था। किशोर की मौत की सूचना पर लोग बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। हंगामे की आशंका के मद्देनजर कोतवाल ओपी शर्मा के नेतृत्व में पुलिस जवान तैनात कर दिए गए। नाती की मौत से दुखी पूर्व सभासद चंद्रकला को भी परिजनों ने बमुश्किल संभाला।